प्रतापगढ़ जनपद में बुनियादी सुविधाओं को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बिजली, लोक निर्माण तथा स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर एक महत्वपूर्ण कोर कमेटी की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में सम्पन्न हुई, जिसकी अध्यक्षता राज्यमंत्री परिवहन विभाग एवं जनपद के प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह ने की।
बैठक में जनपद के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर सदर विधायक राजेन्द्र कुमार मौर्य, विश्वनाथगंज विधायक जीत लाल पटेल, जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी, पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, मुख्य विकास अधिकारी डा0 दिव्या मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमलता सिंह, पूर्व विधायक धीरज ओझा, परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान सर्वप्रथम विद्युत विभाग की प्रगति की समीक्षा की गई। सदर विधायक द्वारा नगर निकाय विस्तारिकरण एवं विजनेस प्लान के अंतर्गत चल रहे कार्यों की स्थिति पर जानकारी मांगी गई। इस पर अधीक्षण अभियंता विद्युत ने अवगत कराया कि नगर निकाय क्षेत्र के अंतर्गत कुल 185 कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 62 कार्य पूर्ण हो चुके हैं। इसके साथ ही नगर निकाय क्षेत्र के पूरेईश्वरनाथ में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
विजनेस प्लान के अंतर्गत जनपद में 344 ट्रांसफार्मरों की क्षमतावृद्धि प्रस्तावित थी, जिसके सापेक्ष 205 ट्रांसफार्मरों में यह कार्य पूर्ण कर लिया गया है। स्टेडियम के पीछे स्थित 33 केवी विद्युत लाइन की शिफ्टिंग के संबंध में बताया गया कि कार्य प्रारंभ करा दिया गया है। इस पर प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नगर निकाय एवं विजनेस प्लान के अंतर्गत शेष बचे सभी विद्युतीकरण कार्यों को अविलंब पूर्ण कराया जाए, ताकि आम जनता को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
इसके बाद लोक निर्माण विभाग की समीक्षा की गई। जनपद प्रतापगढ़ स्थित निरीक्षण भवन परिसर में 06 अतिरिक्त सूट के निर्माण के संबंध में जानकारी दी गई। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-1 ने बताया कि 06 अतिरिक्त सूट के निर्माण हेतु 409.11 लाख रुपये का प्रारंभिक आगणन तैयार कर दिनांक 23 दिसंबर 2025 को मुख्य अभियंता (भवन) कार्यालय, प्रमुख अभियंता लोक निर्माण विभाग, लखनऊ को प्रेषित कर दिया गया है। प्रभारी मंत्री ने इस प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति दिलाने हेतु आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सदर विधायक एवं भाजपा जिलाध्यक्ष द्वारा राजा प्रताप बहादुर मेडिकल कॉलेज में पूर्णकालिक नियमित प्राचार्य की तैनाती का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। उन्होंने बताया कि नियमित प्राचार्य की अनुपस्थिति के कारण मेडिकल कॉलेज में दवाओं, चिकित्सीय उपकरणों की उपलब्धता एवं प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इस पर प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह ने त्वरित कार्यवाही का आश्वासन देते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज में शीघ्र ही पूर्णकालिक नियमित प्राचार्य की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा।
बैठक के अंत में प्रभारी मंत्री ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और विकास कार्यों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है और इसके लिए सभी को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
Label: Pratapgarh Core Committee Meeting, Electricity Development Pratapgarh, Medical College Principal Appointment, UP Infrastructure Review
Tags
Uttar Pradesh